Dhanbad: कतरास थाना क्षेत्र के रामपुर में बुधवार रात एक सड़क हादसे में 55 वर्षीय अर्जुन पांडेय की मौत हो गई। गजलीटांड निवासी अर्जुन पांडेय अपनी टीवीएस बाइक से घर लौट रहे थे, तभी रामपुर के पास एक ट्रैक्टर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और स्थानीय नागरिकों के साथ कतरास-कपुरिया मुख्य सड़क को रामपुर के पास बांस-बल्ली लगाकर जाम कर दिया। वे मृतक के आश्रित को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना पर कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आंदोलन जारी था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल अर्जुन को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने ट्रैक्टर और बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।












