Ranchi : भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर शनिवार को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर उरांव ने की, जबकि संचालन राजेंद्र मुंडा ने किया।
जनजाति गौरव दिवस से झारखंड हुआ सम्मानित-बाबूलाल मरांडी
कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, महामंत्री, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों सहित आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजाति गौरव दिवस को लेकर राज्यभर में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना था।
ऑनलाइन संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित कर झारखंड और जनजाति समाज दोनों का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा— “यह दिन झारखंड के लिए दोहरी खुशी का प्रतीक है, क्योंकि राज्य स्थापना दिवस भी इसी दिन मनाया जाता है।”
मरांडी ने कहा कि भाजपा हमेशा जनजाति समाज के सम्मान और उत्थान के लिए समर्पित रही है। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने ही अलग जनजाति कल्याण मंत्रालय की स्थापना की थी, और आज देश की सर्वोच्च संवैधानिक कुर्सी पर जनजाति समाज की बेटी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आसीन हैं।
भगवान बिरसा मुंडा जयंती को मोदी सरकार ने दी वैश्विक पहचान-आदित्य साहू
सांसद आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड की भूमि गौरवशाली है, जहां भगवान बिरसा मुंडा ने जन्म लिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 60 सालों तक उसने जनजाति नायकों को केवल नारों में रखा, पर सम्मान नहीं दिया। वहीं मोदी सरकार ने विकास और सम्मान दोनों दिए हैं।
जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम को जन जन तक पहुंचाएं-कर्मवीर सिंह
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि यह वर्ष खास है, क्योंकि भगवान बिरसा मुंडा, सरदार पटेल और वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ एक साथ पड़ रही है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कार्यकर्ताओं से जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
जल, जंगल ,जमीन और सांस्कृतिक पहचान केलिए भगवान बिरसा मुंडा ने दी शहादत-समीर उरांव
राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष किया। आज कुछ ताकतें उनके नाम पर समाज को भटकाने की कोशिश कर रही हैं, जिनसे सावधान रहने की जरूरत है।
जनजाति गौरव दिवस पर होंगे कई कार्यक्रम, जनजाति समाज के विशिष्ट जन को पार्टी करेगी सम्मानित-शिवशंकर उरांव
अंत में शिवशंकर उरांव ने कहा कि जनजाति गौरव दिवस सिर्फ आदिवासी समाज का नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव दिवस है। उन्होंने बताया कि 4 से 6 नवंबर तक सभी जिलों में कार्यशालाएं होंगी और हर घर तक भगवान बिरसा मुंडा का संदेश पहुंचाया जाएगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









