Jharkhand: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज झारखंड के राज्यपाल से मुलाकात की और राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों और निर्णयों पर नाराजगी व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय भाषाओं की सूची में की गई अनदेखी, छात्रों को छात्रवृत्ति न मिलने और फ्लाईओवर के नामकरण जैसे कई अहम मुद्दों को उठाया।
मुंडारी भाषा को क्षेत्रीय सूची से हटाने पर जताई आपत्ति
खूंटी के पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार ने खूंटी जिले की क्षेत्रीय भाषाओं की सूची से मुंडारी भाषा को हटा दिया है, जो आदिवासी समुदाय के सम्मान पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की कथनी और करनी के अंतर को उजागर करता है।
फ्लाईओवर का नाम आदिवासी राजा मदरा मुंडा के नाम पर रखने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने रातू रोड एलिवेटेड फ्लाईओवर का नाम छोटानागपुर के ऐतिहासिक आदिवासी राजा मदरा मुंडा के नाम पर रखने की मांग की। नेताओं का कहना है कि इससे आदिवासी समाज की गौरवशाली विरासत को सम्मान मिलेगा और स्थानीय पहचान को भी बल मिलेगा।
B.Ed और वोकेशनल छात्रों को स्कॉलरशिप नहीं मिलने पर नाराजगी
पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने शिक्षा क्षेत्र की उपेक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राज्य में B.Ed और वोकेशनल कोर्स कर रहे हजारों छात्र आज भी छात्रवृत्ति से वंचित हैं। उन्होंने सरकार पर “सिर्फ योजनाओं की घोषणाओं तक सीमित रहने” और “जमीनी क्रियान्वयन की कमी” का आरोप लगाया।
इंजीनियरिंग कॉलेज और JTET नियमावली पर सरकार घिरी
पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने बताया कि चंदनकियारी में बना झारखंड का पहला इंजीनियरिंग कॉलेज अब तक उद्घाटन की राह देख रहा है। उन्होंने JTET (झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा) नियमावली को लेकर भी राज्य सरकार पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया और इसे जनभावनाओं से खिलवाड़ बताया।
हिंदू समाज की उपेक्षा का आरोप
गोड्डा के पूर्व विधायक अमित मंडल ने राज्य सरकार पर हिंदू समाज की भावनाओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी इस समाज पर अत्याचार होता है, सरकार चुप्पी साध लेती है। उन्होंने सरकार को “निकम्मी और भ्रष्टाचार में लिप्त” करार देते हुए राज्यपाल से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में ये नेता थे शामिल
राज्यपाल से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही, नीलकंठ सिंह मुंडा (खूंटी), और अमित मंडल (गोड्डा) शामिल थे।












