Ranchi: झारखंड में सूर्या हांसदा पुलिस एनकाउंटर (भाजपा के अनुसार सुनियोजित हत्या) की CBI जांच करवाने और रांची नगड़ी में रैयत किसानों की उपजाऊ जमीन पर प्रस्तावित रिम्स टू (RIMS-2) निर्माण रोकने की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम को सौंपे गए ज्ञापन में राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की “तानाशाही और हठधर्मिता” का मुद्दा उठाते हुए दो प्रमुख मांगें रखीं –
- सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले की CBI जांच।
- नगड़ी में किसानों की जमीन पर प्रस्तावित रिम्स टू निर्माण पर रोक।
सूर्या हांसदा एनकाउंटर: भाजपा ने कहा – यह सुनियोजित हत्या
भाजपा द्वारा राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि 11 अगस्त 2025 को गोड्डा जिले में सूर्या हांसदा का फर्जी पुलिस एनकाउंटर किया गया, जबकि 10 अगस्त को पुलिस ने उन्हें देवघर के नावाडीह गांव से उठाया था।
भाजपा का आरोप है कि –
- सूर्या हांसदा अपराधी नहीं, बल्कि लोकप्रिय सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता थे।
- वे चार बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके थे और गरीब आदिवासी बच्चों की शिक्षा में सहयोग करते थे।
- पुलिस जिन मामलों का हवाला दे रही है, उनमें से अधिकांश में वे बरी हो चुके थे।
- एनकाउंटर स्थल पर खून तक नहीं मिला, जिससे पूरा मामला संदिग्ध है।
भाजपा ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि CBI जांच कराकर दोषियों को सजा दी जाए और सूर्या हांसदा के परिजनों व वकील को सुरक्षा दी जाए।
नगड़ी में रैयत किसानों की उपजाऊ जमीन पर रिम्स टू निर्माण का विरोध
भाजपा ने ज्ञापन में कहा कि झारखंड सरकार रांची के नगड़ी में 100% उपजाऊ कृषि भूमि पर जबरन रिम्स टू का निर्माण कर रही है।
मुख्य आरोप –
- यह भूमि आदिवासी रैयत खतियानी जमीन है।
- सरकार CNT एक्ट, ग्रामसभा और भूमि अधिग्रहण कानून का उल्लंघन कर रही है।
- 24 अगस्त 2025 को किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़कर सरकार ने दमनकारी चेहरा दिखाया।
- निर्दोष किसानों, विशेषकर महिलाओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए।
- यहां तक कि आंदोलन की कवरेज कर रहे पत्रकारों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जिला बदर कर दिया।
भाजपा का कहना है कि –
“पार्टी अस्पताल निर्माण का विरोध नहीं कर रही, बल्कि मांग कर रही है कि रिम्स टू के लिए सरकार उपजाऊ खेतिहर जमीन की बजाय गैर-कृषि बंजर जमीन का चयन करे।”
भाजपा का प्रतिनिधिमंडल
राज्यपाल से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय, राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू, विधायक सीपी सिंह और नवीन जायसवाल, पूर्व मंत्री गंगोत्री कुजूर, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, गणेश मिश्रा, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, योगेन्द्र प्रताप सिंह सहित कई नेता शामिल थे।
भाजपा की मांगें
- सूर्या हांसदा पुलिस एनकाउंटर मामले की CBI जांच।
- नगड़ी की किसानों की जमीन पर रिम्स टू निर्माण पर रोक।
- किसानों और पत्रकारों पर दर्ज फर्जी मुकदमों की तत्काल वापसी।
- सूर्या हांसदा के परिजनों और वकील को सुरक्षा मुहैया कराना।













