Ranchi: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि बैठक के पहले सत्र में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के संबोधन के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड के वीर शहीदों और राज्य की धरती को नमन करते हुए आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
भानु प्रताप शाही के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठनात्मक कार्यक्रम में हुई देरी का जिक्र करते हुए भविष्य में व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संघर्ष को अपना साथी बनाने और हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरने का आह्वान किया।
झारखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता
शाही ने कहा कि बैठक में केंद्र सरकार की ओर से झारखंड को मिले धन, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और राज्य की कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री के नेतृत्व में झारखंड नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई।
छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए शाही ने प्रदेश भाजपा को समर्थन देने के लिए बधाई दी और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों का आभार जताया। उन्होंने विपक्ष के नेता पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि वे विदेशी टूलकिट की तरह काम कर रहे हैं।
भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2029 में झारखंड में सरकार बनाना है। इसके लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








