Ranchi: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 23 अक्टूबर को तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजधानी में पार्टी के झंडे, बैनर और पताकाएं लगाई गई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से पारंपरिक तरीके से उनके स्वागत की तैयारी की गई है।
प्रदेश भाजपा की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, नितिन नवीन शुक्रवार शाम सात बजे रांची हवाई अड्डे पहुंचेंगे। उनके स्वागत में ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा की व्यवस्था की गई है। राजधानी के विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ता उनका अभिनंदन करेंगे।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में होंगे शामिल
राष्ट्रीय अध्यक्ष 24 अक्टूबर से शुरू हो रही भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। इस दौरान वह पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। उनके दौरे को संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पार्टी कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्वागत की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, गणेश मिश्र और मनोज सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का दूसरा झारखंड दौरा
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का झारखंड में यह दूसरा दौरा होगा। उन्होंने कहा कि उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, बैठक के विस्तृत एजेंडे की जानकारी जारी नहीं की गई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









