Ranchi News— भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक “सेवा पखवाड़ा” मनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय, रांची में प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं सेवा पखवाड़ा टोली के सदस्य उपस्थित रहे।
भाजपा का उद्देश्य — सत्ता नहीं, सेवा
बैठक को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि “भाजपा का राजनीतिक लक्ष्य सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि सत्ता के माध्यम से जनसेवा करना है। सेवा ही संगठन की आत्मा है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से लेकर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती (2 अक्टूबर) तक पार्टी विविध सेवा कार्यक्रमों के जरिए समाज में सक्रिय भागीदारी निभाएगी।
उन्होंने इंडी गठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि जहां एक ओर विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रहा है, वहीं भाजपा सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत कर रही है।













