झारखण्ड: भारतीय जनता पार्टी आगामी 24 जून को झारखंड के सभी 264 प्रखंडों में व्यापक आक्रोश प्रदर्शन करेगी. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपई सोरेन सहित वरिष्ठ नेता अलग-अलग प्रखंडों में इस प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे. यह प्रदर्शन राज्य की जर्जर विधि-व्यवस्था, व्याप्त भ्रष्टाचार और आम जनता की उपेक्षा के खिलाफ किया जाएगा.
प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू ने जानकारी दी कि भाजपा कार्यकर्ता प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे. यह ज्ञापन राज्य में व्याप्त अराजकता, भय, भ्रष्टाचार, किसानों की लंबित बकाया राशि, पेंशन योजनाओं में देरी, रोजगार के अभाव, पेसा कानून की अनदेखी, भाषा विवाद, स्थानीय नीति और नियोजन नीति जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर सौंपा जाएगा.
साहू ने राज्य सरकार पर कसा तीखा हमला
साहू ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हेमंत सरकार पार्ट-2 में भी कोई सकारात्मक बदलाव नहीं आया है. राज्य की खनिज संपदा की लूट, पंचायतों से लेकर सचिवालय तक फैला भ्रष्टाचार, और दलालों का बोलबाला आम हो गया है. जनता को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए भी रिश्वत देनी पड़ रही है. सरकार की नीति और नीयत दोनों पर सवाल उठ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार लगातार निकाय चुनावों को टाल रही है और नियोजन नीति व भाषा विवाद के चलते राज्य के युवा ठगे जा रहे हैं. सड़क, बिजली, अस्पताल, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है. राजधानी रांची से लेकर सुदूर ग्रामीण इलाकों तक भय का माहौल है. लूट, हत्या और बलात्कार की घटनाएं आम हो चुकी हैं. किसानों के धान की बकाया राशि और वृद्धा-विधवा पेंशन की रकम महीनों से लंबित है.
भाजपा का कहना है कि वह एक सशक्त विपक्ष की भूमिका निभा रही है और राज्य की जनता के साथ खड़ी है. पार्टी का यह प्रदर्शन भ्रष्ट और निकम्मी सरकार को जगाने का प्रयास है. भाजपा कार्यकर्ता लाखों की संख्या में आम जनता के साथ मिलकर 24 जून को प्रखंडों में प्रदर्शन करेंगे.
प्रदर्शन का नेतृत्व
प्रदर्शन का नेतृत्व अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी के प्रमुख नेता करेंगे. बाबूलाल मरांडी गावां प्रखंड में, डॉ. रविंद्र कुमार राय धनवार-जमुआ में, अर्जुन मुंडा खरसावां में, रघुवर दास जमशेदपुर में, चंपई सोरेन सरायकेला में, आदित्य साहू कांके में, डॉ. प्रदीप वर्मा नगड़ी में, मनोज कुमार सिंह मेदिनीनगर में और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी चंदनक्यारी में आक्रोश प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे.
read more: मनरेगा ने बदल दिया किसानों के तकदीर, कर रहे है लाखो की कमाई
इसके अतिरिक्त अन्य सभी प्रखंडों में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और विभिन्न मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी भी प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे. भाजपा का यह आंदोलन राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का माध्यम बनेगा.












