Bokaro: झारखंड के न्यायालयों परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी लगातार मिल रही है, रांची, धनबाद के बाद अब झारखंड के बोकारो से भी एक ऐसी ही खबर सामने आ रही है।
Bokaro: जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी
झारखंड के बोकारो जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बोकारो जिला व्यवहार न्यायालय (Bokaro District Court) को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जानकारी के मुताबिक, यह धमकी एक ईमेल के माध्यम से भेजी गई है, जिसके बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। झारखंड के न्यायालयों परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी लगातार मिल रही है। मौके पर एसपी सहित भारी पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौजूद है। पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराकर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बोकारो एसपी खुद कर रहे हैं सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग। कोर्ट परिसर से सभी अधिवक्ताओं और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
Bokaro: कोर्ट में बम की धमकी से अफरा-तफरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया है। घटनास्थल पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें पहुंच चुकी हैं। कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा लिया गया है और सभी प्रवेश द्वारों को सील कर दिया गया है।
सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने के लिए बोकारो पुलिस अधीक्षक (SP) खुद मौके पर मौजूद हैं। उनके साथ सिटी डीएसपी, हेड क्वार्टर डीएसपी, सिटी थाना प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और साइबर सेल के माध्यम से उस ईमेल के सोर्स का पता लगाया जा रहा है जिससे यह धमकी भेजी गई है।
कोर्ट परिसर में अचानक हुई इस कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों और अधिवक्ताओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।












