Jharkhand News: धनबाद के रामकनाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत बुटू बाबू बंगला के समीप मुंडा धौड़ा में शुक्रवार को एक भीषण भूधसान की घटना सामने आई है। इस हादसे में करीब आधा दर्जन से अधिक घर पूरी तरह धंस गए हैं। जानकारी के अनुसार, कई लोग और मवेशी मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।
बताया जा रहा है कि प्रभावित क्षेत्र में आउटसोर्सिंग खनन कार्य चल रहा था। खदान की जमीन कमजोर होने के कारण बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे एक कंपनी की गाड़ी और कुछ कर्मी भी चपेट में आ गए। हालांकि राहत टीमों ने उन्हें किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने मलबे में तलाशी अभियान तेज करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल, पुलिस और सीआईएसएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं हैं। हजारों की संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुंडा धौड़ा के कई परिवारों ने अपने घर खाली कर दिए हैं और जरूरी सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर रवाना हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से हो रहे कोयला खनन की वजह से जमीन अंदर से खोखली हो चुकी है, जिससे यह हादसा हुआ। प्रशासन द्वारा जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।












