Breaking News: गिरिडीह से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। एक करोड़ के ईनामी नक्सली मिसिर बेसरा के खास नक्सली अजय महतो उर्फ टाइगर उर्फ बासुदेव को गिरिडीह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अजय पर 25 लाख रुपये का ईनाम था जो कि लंबे समय से फरार चल रहा था।
टाइगर भाकपा (माओवादी) का सक्रिय सदस्य और पारसनाथ क्षेत्र का जोनल कमांडर माना जाता था। पुलिस का दावा है कि उसकी गिरफ्तारी से झारखंड में माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस के अनुसार, एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हरलाडीह स्थित करमू मांझी के घर में छापेमारी की। इसी दौरान अजय महतो को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान उसके साथ मौजूद दो अन्य संदिग्ध नक्सलियों को भी हिरासत में लिया गया है। तीनों से विशेष टीम लगातार पूछताछ कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अजय महतो पर हत्या, लेवी वसूली, पुलिस पार्टी पर हमला, आईईडी ब्लास्ट, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और रंगदारी जैसे 100 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और हजारीबाग के सीमावर्ती इलाकों में कई नक्सली वारदातों का मास्टरमाइंड माना जाता है। उसकी तलाश झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा पुलिस भी कर रही थी।
गिरिडीह प्रशासन पहले ही अजय महतो समेत 12 नक्सलियों के खिलाफ देशद्रोह और यूएपीए के तहत मुकदमा चलाने की अनुशंसा कर चुका है, जिसे गृह विभाग से स्वीकृति भी मिल चुकी है।
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि टाइगर की गिरफ्तारी नक्सल संगठन के लिए बड़ा झटका है। पुलिस अब शेष सक्रिय नक्सलियों के खिलाफ भी अभियान और तेज करेगी। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









