चतरा: झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात अपराधी उत्तम यादव को पुलिस ने शनिवार को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। हाल ही में हजारीबाग और चतरा इलाके में गोलीकांड और रंगदारी वसूली की घटनाओं से आतंक फैलाने वाला यह अपराधी लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।
सूत्रों के अनुसार, सिमरिया थाना क्षेत्र के बागरा-जबरा रोड पर पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करनी पड़ी। जब पुलिस टीम उत्तम यादव को पकड़ने पहुँची तो उसने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उत्तम यादव मारा गया।
बताया जा रहा है कि उत्तम यादव ने हाल ही में हजारीबाग के एक आभूषण दुकान में गोली चलवाकर रंगदारी मांगी थी। इसके अलावा, उसने कई गोलीकांड की घटनाओं को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैलाई थी। उसकी गैंग की गतिविधियों से लोग दहशत में थे।
एनकाउंटर के बाद हजारीबाग और चतरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। FSL टीम भी घटनास्थल पर पहुँच चुकी है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल चतरा भेजा गया है, जहाँ पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।












