Dhanbad: बहुचर्चित नीरज सिंह हत्याकांड (Neeraj Singh Murder Case) में न्याय की मांग को लेकर संगठन “जस्टिस फॉर नीरज” ने सोमवार 1 सितंबर को कैंडल मार्च का आयोजन किया। यह मार्च जिला परिषद से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक शामिल हुए।
श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब
कैंडल मार्च से पहले सरायढेला स्थित उस स्थान पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ, जहाँ 21 मार्च 2017 को नीरज सिंह समेत उनके तीन सहयोगी — अशोक यादव, ललटू महतो और मुन्ना तिवारी — की हत्या कर दी गई थी। श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने मृतकों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पूर्णिमा नीरज सिंह का संकल्प
मार्च की अगुवाई झरिया की पूर्व विधायक एवं नीरज सिंह की पत्नी पूर्णिमा नीरज सिंह ने की। हाथों में मोमबत्तियां लिए समर्थक “नीरज सिंह को न्याय दो” के नारे लगाते रहे।
भावुक होकर पूर्णिमा ने कहा—
“मैं अपने पति और उनके साथ मारे गए तीन साथियों के हत्यारों को सजा दिलाने तक चैन से नहीं बैठूंगी। इंसाफ की जंग आखिरी सांस तक जारी रहेगी, चाहे इसके लिए हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा क्यों न खटखटाना पड़े।”
संगठन की चेतावनी
संगठन के सदस्यों ने कहा कि वे हर कदम पर पूर्णिमा नीरज सिंह के साथ खड़े हैं और दोषियों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखेंगे।












