Dhanbad: बुधवार — केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने धनबाद में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए बीसीसीएल (Bharat Coking Coal Limited) बस्ताकोला एरिया के एक क्लर्क और CMPFO (Coal Mines Provident Fund Organization) कार्यालय के एक सेक्शन ऑफिसर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
CBI धनबाद के एसपी प्रह्लाद किशोर झा ने जानकारी दी कि बीसीसीएल के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके रिटायरमेंट फंड की निकासी के एवज में घूस की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद CBI ने जाल बिछाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
read more: शराब घोटाले मामला: उत्पाद विभाग पहुंची एसीबी की टीम, कई दस्तावेज ले गई अपने साथ
शिकायतकर्ता लगातार बीसीसीएल बस्ताकोला कोलियरी कार्यालय का चक्कर काट रहा था, लेकिन वहां कार्यरत क्लर्क धीरज निषाद उससे पैसों की मांग कर रहा था। इस पर पीड़ित ने CBI से संपर्क किया। योजना के तहत CBI ने पहले धीरज निषाद को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान धीरज निषाद ने बताया कि वह यह रिश्वत CMPFO कार्यालय के सेक्शन ऑफिसर विष्णु प्रसाद गुप्ता के कहने पर ले रहा था। इसके बाद CBI की टीम ने CMPFO कार्यालय पर छापेमारी की और विष्णु प्रसाद गुप्ता को 20,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल दोनों आरोपी सीबीआई की हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई से कोयला क्षेत्रों में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा संदेश गया है।
read more: 30 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए सीओ शैलेश कुमार












