झारखंड के चाईबासा जिले के छोटानगर क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जंगल में चल रहे सर्च अभियान के दौरान आईईडी (IED) ब्लास्ट में सुरक्षा बल के दो जवान घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल के जवान नियमित सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इसी दौरान जंगल क्षेत्र में पहले से प्लांट किए गए आईईडी की चपेट में आने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें दो जवान घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान और तेज कर दिया है।
एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा है
घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों को रांची के राज अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज होगा।
इलाके में सघन तलाशी अभियान
घटना के बाद पूरे छोटानगर और आसपास के जंगलों में सुरक्षा बलों द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से पहले से आईईडी प्लांट कर रखा था।
फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। घायल जवानों की स्थिति को लेकर भी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।












