रांची। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने राज्य के आला अधिकारियों की संपत्ति और उनके परिजनों की संपति की जांच कराने की मांग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की है। सोमवार को भाकपा के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि राज्य में आला अधिकारियों ने भ्रष्टाचार कर खूब लूट मचाई है । निलंबित आईएएस पूजा सिंघल, निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम, आईएएस छवि रंजन सहित कई अधिकारियों ने करोड़ों की संपत्ति अवैध रूप से जमा की है। इससे स्पष्ट होता है कि राज्य में किस तरह से खनिज और जमीन की लूट और टेंडर घोटाले हुए हैं। उन्होंने आराेप लगाया कि टेंडर मैनेज करने का काम बहुत पहले से चल रहा है। केवल वीरेंद्र राम के हटा देने से समस्या का समाधान नहीं हो सकता। वीरेंद्र राम की पूरी टीम को उस जगह से हटाया जाय और सभी की जांच कराई जाए।
पाठक ने कहा कि राज्य में लगातार हजारीबाग, रांची, रामगढ़,पलामू, संथाल परगना सहित पूरे राज्य में आला अधिकारी लूट खसोट कर रहे हैं। राज्य में अवैध कारोबार चरम पर है, कोयला, लोहा, गिट्टी, बालू से लेकर तमाम खनिज संपदाओं का दोहन अधिकारियों की मिलीभगत से किया जा रहा है। इसे कई सफेदपोश लोगों का संरक्षण भी है। बगैर सफेदपोश के संरक्षण का अवैध कारोबार नहीं चल सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में जिस तरह से रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन की मिलीभगत से भू-माफियाओं ने सेना की जमीन को नहीं छोड़ा। उसी से अनुमान लगाया जा सकता कि राज्य में किस कदर लूट मची हुई है। राज्य में खनिज संपदा लूट की खुली छूट है। यहां भी छापा पड़ रहा है, वहां करोड़ों नगद और जमीन के कागजात मिल रहे है।