Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड पेसा नियमावली को लेकर वरीय अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस बैठक में उन्होंने पेसा नियमावली के विभिन्न उपबंधों पर विस्तृत चर्चा की और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेसा कानून के प्रावधानों का क्रियान्वयन इस तरह होना चाहिए जिससे राज्य के अनुसूचित क्षेत्रों में पारंपरिक स्थानीय स्वशासन व्यवस्था मजबूत हो। उन्होंने जोर दिया कि ग्राम सभाओं को सशक्त बनाकर जनजातीय समुदायों का सामाजिक और आर्थिक उत्थान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में हुई अहम चर्चा
बैठक में पेसा नियमावली के तहत ग्राम सभाओं को प्रदत्त अधिकारों, शक्तियों और जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस कानून का सही तरीके से क्रियान्वयन राज्य में जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करेगा।
बैठक में शामिल अधिकारी
इस बैठक में अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव वंदना दादेल, एमआर मीणा, नीरज कुमार श्रीवास्तव, प्रशांत कुमार, अमिताभ कौशल, कृपानंद झा, के. श्रीनिवासन, मनोज कुमार, चंद्रशेखर, अरवा राजकमल, पंचायती राज निदेशक राजेश्वरी बी, खान निदेशक राहुल सिन्हा, महाधिवक्ता राजीव रंजन, पीसीसीएफ अशोक कुमार, वन संरक्षक पीआर नायडू, डीएफओ दिलीप कुमार, विशेष सचिव प्रदीप कुमार हजारी और संयुक्त सचिव रवि शंकर विद्यार्थी मौजूद थे।












