Ranchi: मोरहाबादी स्थित मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित CISCE नेशनल हॉकी टूर्नामेंट-2026 में आज मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। तीन दिनों तक चलने वाली इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभाशाली विद्यार्थी हॉकी के मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे।
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल जरुरी
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि CISCE से संबद्ध विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की खेल एवं अन्य प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। बच्चों को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें खेल के मैदान में अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें विकसित करने का अवसर मिलना चाहिए।
बच्चे पढ़ाई के साथ खेल के मैदान से भी सीखें
मंत्री ने कहा, “हमारे बच्चे पढ़ाई के साथ खेल के मैदान से भी सीखें, अपनी प्रतिभा को निखारें और आगे बढ़कर देश एवं राज्य का नाम रोशन करें-यही हमारी सामूहिक कोशिश होनी चाहिए।”
उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत से आगे बढ़कर प्रतियोगिता से सीख लेने और अपने सपनों को नई ऊंचाई देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बिशप स्कूल नामकुम के प्रधानाध्यापक जोएल एडविन, संत जेवियर डोरंडा के प्रधानाध्यापक फूलदेव सोरेंग, संत फ्रांसिस बनहोरा के प्रधानाध्यापक मनोज कुल्लू, संत फ्रांसिस हरमू के प्रधानाध्यापक फा. साजी, सेक्रेड हार्ट हुलहुंडू की प्रधानाध्यापक सिस्टर जोशफिन खाखा, बिशप स्कूल बहुबाजार के प्रधानाध्यापक इरविन जैकब सहित देशभर से पहुंचे विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कोच उपस्थित थे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









