Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) सपरिवार अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित ‘बाहा पर्व’ में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ग्रामीणों के साथ नेमरा गांव स्थित जाहेर थान पहुंचे।
मुख्यमंत्री वहां पारम्परिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की। परंपरा के अनुरूप पूजन कार्य गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू एवं कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा ने संपन्न कराया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नेमरा के ग्रामीणों के साथ ‘बाहा पूजा’ के लिए अपने निवास स्थान से पदयात्रा करते हुए जाहेर थान पहुंचे।
CM Hemant Soren को अपने बीच पाकर ग्रामीणों का उत्साह चरम पर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘बाहा पर्व’ में शामिल होने अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर नेमरा सहित आस-पास क्षेत्र के लोग काफी उत्साहित नजर आए।
संस्कृति के अनुरूप नेमरा के ग्रामीण ढोल-नगाड़ा एवं मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान पहुंचे। मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साहवर्द्धन किया। मौके पर उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया।
CM Hemant Soren दो दिवसीय दौरे पर सपरिवार पहुंचे नेमरा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन सहित सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में आस-पास क्षेत्र के लोग नेमरा गांव पहुंचे तथा मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री भी आत्मीयता के साथ लोगों से मिले एवं उनकी बातों को सुना। मौके पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को ‘बाहा पर्व’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।












