मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को UNICEF की प्रतिनिधि सिन्थिया मेककेफरी ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की. इस मुलाकात के दौरान झारखंड में बच्चों के समग्र विकास के लिए UNICEF द्वारा किए जा रहे कार्यों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई.
सिन्थिया मेककेफरी ने राज्य में बाल अधिकारों की रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास के लिए बेहतर माहौल तैयार करने की दिशा में UNICEF की प्रतिबद्धता जताई. उन्होंने राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करने की इच्छा भी व्यक्त की.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने UNICEF के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बच्चे हर क्षेत्र में आगे बढ़ें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक बच्चे स्वस्थ और सुरक्षित नहीं होंगे, तब तक उनके विकास की बात अधूरी रहेगी. इसलिए कुपोषण और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए सरकार हर स्तर पर काम कर रही है.
इस अवसर पर UNICEF, झारखंड की प्रमुख कननिका मित्रा और कम्युनिकेशन स्पेशलिस्ट आस्था अलंग भी उपस्थित रहीं. मुख्यमंत्री ने सभी के सहयोग से झारखंड के बच्चों को बेहतर जीवन प्रदान करने की दिशा में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया.












