Jharkhand News: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बर्फीली हवाओं और तेजी से गिरते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खूंटी जिले में बीते 24 घंटों में 1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद से ठिठुरन और अधिक बढ़ गई है। आंशिक बादल और हल्की धूप के बावजूद दोपहर में हुई हल्की बारिश ने मौसम को और अधिक सर्द बना दिया। खूंटी में न्यूनतम तापमान गिरकर 9.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया।
10 जिलों में न्यूनतम तापमान 7–8 डिग्री तक जा सकता है
मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और दोपहर में धूप भी तेज मिलेगी, लेकिन उत्तरी बर्फीली हवाएं धूप का असर कम कर देंगी। बादलों के छंटने के कारण रात के तापमान में 4–5 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। आज रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, गुमला, गढ़वा, हजारीबाग और कोडरमा में न्यूनतम तापमान 7–8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है। पिछले 24 घंटों में तापमान में 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम में बड़ा बदलाव महसूस किया जा रहा है।
शीतलहर से बढ़ेगी परेशानी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि इन जिलों में सुबह 7 बजे से पहले और शाम 6 बजे के बाद तेज शीतलहर चल सकती है। धुंध और बर्फीली ठंडी हवाएं लोगों की सेहत पर असर डाल सकती हैं, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।







