Jharkhand News: झारखंड इन दिनों भीषण शीतलहर की चपेट में है। बर्फीली हवाओं और घने कोहरे ने राज्यभर में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि गुमला में तापमान गिरकर 4.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।
मौसम का मिजाज लगातार सख्त बना रहेगा। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। दोपहर में आसमान साफ रहने के बावजूद ठंडी और तेज हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। वहीं शाम होते-होते शीतलहर का असर और तेज हो जाएगा, जिससे खुले इलाकों में निकलना मुश्किल हो सकता है।
राजधानी रांची के कांके और धुर्वा इलाके सबसे अधिक ठंड से प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। बीते तीन दिनों से यहां तापमान 3 से 4 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, सुबह-शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।












