Ranchi: झारखंड विधानसभा के बाहर आज सियासी पारा उस समय अचानक चढ़ गया, जब कांग्रेस के मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने एकजुट होकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस नेताओं की मांग है कि निर्दलीय (और बीजेपी के समर्थित) उम्मीदवार परिमल नथवाणी का नामांकन तुरंत रद्द किया जाए। यह सियासी घमासान उस समय और तेज़ हो गया जब नामांकन पत्रों की जांच के दौरान परिमल नथवाणी के दस्तावेजों में एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई।
विधानसभा के बाहर कांग्रेस का भारी हंगामा और धरना
इस तकनीकी विवाद के सामने आते ही कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. बुधवार को विधानसभा परिसर के बाहर कांग्रेस के कई कद्दावर मंत्री, विधायक और नेता धरने पर बैठ गए. कांग्रेस का आरोप है कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जब तक नाम की विसंगति का पूरी तरह निपटारा नहीं हो जाता या नामांकन रद्द नहीं होता, उनका विरोध जारी रहेगा.
नाम के फेरबदल में फंसा पेंच, निर्वाची पदाधिकारी ने जताई आपत्ति
दस्तावेजों की स्क्रूटनी के दौरान यह बात सामने आई कि परिमल नथवाणी द्वारा जमा किए गए विभिन्न कागजातों में उनके नाम को लेकर बड़ी विसंगति है. कुछ सरकारी और चुनावी दस्तावेजों में उनका नाम परिमल नथवाणी दर्ज है. वहीं, कुछ अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों में उनका नाम उलटकर नथवाणी परिमल लिखा हुआ है. इस तकनीकी खामी और नाम के फेरबदल को देखते हुए निर्वाची पदाधिकारी ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई. नतीजतन, उनके नामांकन को फिलहाल के लिए होल्ड पर रख दिया गया है.
आगे क्या होगा?
निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, अब इस तकनीकी त्रुटि पर परिमल नथवाणी या उनके प्रतिनिधियों द्वारा आधिकारिक सफाई या सही दस्तावेज पेश करने के बाद ही उनके नामांकन की वैधता पर अंतिम फैसला लिया जाएगा.

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








