KhabarMantra: अमेरिका की मध्यस्थता के बाद भारत और पाकिस्तान ने पूर्ण और तत्काल प्रभाव से सीजफायर पर सहमति जताई है। सीजफायर की घोषणा के बाद भारतीय सेना ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पाकिस्तान के दावों को खारिज करते हुए उसे जवाबी कार्रवाई में हुए भारी नुकसान की जानकारी दी।
भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने भारतीय हमलों को लेकर झूठी जानकारी फैलाई है, जिसमें धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुँचाने की बात कही गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय सेना ने बेहद संयम बरतते हुए केवल निर्धारित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया और यह कार्रवाई “बदले की भावना” से नहीं बल्कि आत्मरक्षा में की गई।
वहीं, भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पाकिस्तान को जमीन और हवा दोनों मोर्चों पर असहनीय क्षति हुई है। उन्होंने बताया कि स्कार्दू, जैकोबाबाद और भोलारी जैसे महत्वपूर्ण हवाई ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया गया है। साथ ही पाकिस्तान की वायु रक्षा प्रणाली (AD सिस्टम), रडार और सैन्य कमांड केंद्रों को निशाना बनाकर व्यापक क्षति दी गई है।
व्योमिका सिंह ने कहा, “पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान ने हमारे सैन्य प्रतिष्ठानों पर बिना किसी उकसावे के हमला किया, जिसका हमने सटीक और प्रभावी जवाब दिया। उनकी रक्षात्मक और आक्रामक क्षमता को हमने बुरी तरह से कमजोर कर दिया है।”
कर्नल सोफिया कुरैशी ने पाकिस्तान के उन दावों को भी झूठा बताया, जिसमें कहा गया था कि उसने भारत के S-400 एयर डिफेंस सिस्टम और ब्रह्मोस मिसाइल बेस को नुकसान पहुँचाया है। उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह से गलत जानकारी है। न सिरसा, न जम्मू, न पठानकोट या अन्य किसी एयरबेस को नुकसान हुआ है। पाकिस्तान का यह दुष्प्रचार एक असफल सूचना युद्ध का हिस्सा है।”
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय सेना धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों का पालन करती है और किसी भी धार्मिक स्थल को कभी निशाना नहीं बनाती। उन्होंने पाकिस्तान के इस आरोप को भी सिरे से नकारा कि भारतीय हमलों से मस्जिदों को नुकसान हुआ है।भारत और पाकिस्तान के बीच ताजा सीजफायर के बावजूद क्षेत्रीय तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। हालांकि भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि सभी कार्रवाई जवाबी थी और अब वह शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।













