जयनगर (कोडरमा)। प्रखंड अंतर्गत पिपचो पावर हाउस मैदान में इंडिया गठबंधन की जनसभा की गयी। जनसभा की अध्यक्षता जिप अध्यक्ष सह राजद जिलाध्यक्ष रामधन यादव व संचालन माले राज्य कमेटी सदस्य इब्राहिम अंसारी, डाॅ. जावेद व प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष इस्लाम अंसारी ने संयुक्त रूप से किया। वहीं जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री सह राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि दुनिया का सबसे बडा झूठा व्यक्ति पीएम मोदी है। देश में नफरत की राजनीति करते हैं, जाति व धर्म के नाम पर वोट मांगते हैं, वे अपनी झूठ से गोबर को भी हलवा बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश के ईमानदार नेताओं को एनडीए एजेंसी का दुरूपयोग कर जेल भेजा जा रहा है।
भाजपा ने पहले लालू प्रसाद यादव को जेल भेजा, उसके बाद केजरीवाल, हेमंत सोरेन जैसे शरीफ लोगों को जेल भेजने का काम किया है। वहीं उन्होंने कहा भाजपा से लालू प्रसाद नहीं डरे तो तेजस्वी भी डरने वाला नहीं है। पीएम मोदी ने देश वासियों को सिर्फ ठगने का काम किया है, दस वर्षों में कोडरमा का कोई विकास नहीं हुआ, पलायन जारी है। ढिबरा, पत्थर उद्योग बंद हो गया। वहीं उन्होंने कहा तेजस्वी का साथ देना है तो विनोद सिंह को सांसद बनायें। अब बिहार व झारखंड में भाजपा के बहकावे में आने वाले नहीं हैं। वहीं उन्होंने कहा महागठबंधन की सरकार बनी तो एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही पीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि वे महंगाई का म, बेरोजगारी का बा, व गरीबी का ग नहीं बोलना चाहते हैं। इनके पास हिंदु, मुस्लिम, इस्लाम, सनातन करने के शिवाय कोई मुद्दा ही नहीं है।
वहीं माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचारियों की जमात है। इलेक्ट्राॅलर बाॅंड की सबसे ज्यादा राशि भाजपा के पास मिली है। जब से भाजपा की केंद्र में सरकार बनी है, तब से आज ईडी का छापा किसी भाजपा विधायक व सांसद या मंत्री के यहां नहीं पडा। केंद्रीय एजेसियों का दुरूपयोग राजनीति में डर पैदा करने के लिए किया जा रहा है। देश के लोकतंत्र व संविधान को बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से बेदखल करना जरूरी है। सरकार ने दस वर्षो में किसानों, गरीबों, दलितों, अल्पसंख्यकों व महिलाओं पर अत्याचार किया है। वहीं उन्होंन कहा श्रम कानूनों से छेडछाड की है, ऐसी सरकार को बदलना जरूरी है। वहीं पूर्व विधायक सह झामुमो नेता जानकी प्रसाद यादव ने कहा कि भाजपा के दस वर्षो के धोखा घडी का हिसाब लेने का वक्त आ गया है। वहीं सभा को बिहार प्रदेश के बलरामपुर विधायक महबूब आलम ने भी संबोधित किया।
भाजपा 400 पार का नारा संविधान खत्म करने के लिए लगाती है: विनोद
वहीं प्रत्याशी विनोद सिंह ने कहा कि भाजपा 400 पार का नारा संविधान खत्म करने के लिए लगाती है। उन्होंने कहा कि 10 साल के शासन में ढिबरा, पत्थर, क्रेशर के लिए कोई नीति नही है। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों के लिए कोई नीति केंद्र सरकार बना नही पाई है। जबकि कोडरमा और गिरिडीह जिले से सबसे ज्यादा मजदूर पलायन कर दूसरे राज्य में जाते है। उन्होंने कहा कि इसबार कोडरमा में संघर्षो की आवाज संसद में गूंजने के लिए झंडे पर तीन तारा चुनाव चिन्ह पर बटन दबाना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनता के रोजमर्रे समस्याओं को दूर करने वाला जनप्रतिनिधि का चुनाव आपको करना है। उन्होंने भरोशा दिलाया कि आपके दुःख और सुख में कंधे से कंधे मिलाकर चलने वाला कोई खड़ा मिलेगा तो वो भाकपा माले होगा और इंडिया गठबंधन होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में शिक्षा राज्य मंत्री का कोई कार्य क्षेत्र में नही दिखता, जिस विभाग से वो मंत्री हैं, वो भी कुछ नही दिखाई पड़ा। उन्होंने कोडरमा और गिरिडीह का बदलाव के लिए वोट देने की अपील की।

मौके पर बीरेंद्र पांडेय, गोपाल यादव, अवधेश यादव, राजकुमार यादव, राजकुमार यादव, श्यामलाल यादव, नौशाद आलम, गंगा यादव, भागीरथ पासवान, अर्चना कुमारी, मिस्वाउद्वीन खान, अर्चना कुमारी, डाॅ. जाकिर हुसैन, शहजाद अनवर, सलीम अंसारी, अशोक यादव, पवन सिंह, सुरेंद्र यादव, विजय पासवान, मुन्ना यादव, संदीप कुमार पांडेय, अशोक कुमार पांडेय, उमेश यादव, अरूण यादव, उमेश पहलवान, दामोदर यादव, बैजू यादव, तसवर खान, फहीम खान, गोविंद प्रसाद बिहारी, राजेंद्र यादव आदि मौजूद थे।