Jharkhand News: सदर थाना क्षेत्र के लट्ठा बरटोली गांव में डायन बिसाही के आरोप में चाचा-भतीजा पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में 65 वर्षीय निर्मल लकड़ा और 55 वर्षीय कोयला लकड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, निर्मल लकड़ा के पेट में चाकू मारा गया है, जबकि कोयला लकड़ा के कान के पास वार किया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है। परिजनों के मुताबिक, आरोपी की मंशा हत्या करने की थी, लेकिन दोनों किसी तरह जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहे और घर पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
देर रात लौटते समय किया गया हमला
घायल कोयला लकड़ा ने बताया कि बुधवार को वे अपने चाचा के साथ केरकी महुआ टोली गांव में मेहमानी में गए थे। देर रात दोनों पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही मुड़ा लकड़ा ने उन्हें रोककर डायन बिसाही का आरोप लगाया और अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों लहूलुहान हो गए।
थाना में लिखित शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
कोयला लकड़ा ने गुरुवार शाम करीब 7 बजे सदर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी मुड़ा लकड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है। क्षेत्र में अंधविश्वास के नाम पर हिंसा की यह घटना एक बार फिर सामाजिक जागरूकता और कड़ी कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता को उजागर करती है।













