सतगावां (कोडरमा)। थाना क्षेत्र स्थित पेट्रो जलप्रपात में अपने दोस्त के साथ पिकनिक मनाने व स्नान करने गए युवक पानी के कुंड में डूबने से मौत हो गयी। वहीं मृतक युवक की पहचान 18 वर्षीय मोहित कुमार यादव पिता विजय यादव ग्राम अम्वाबाद निवासी के रूप हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक अपने दोस्त हजारीबाग सिंदूर निवासी के साथ शुक्रवार को पेट्रो जलप्रपात पिकनिक मनाने व स्नान करने गया था। इसी दौरान वह अकेला फाॅल के पांचवें कुंड में स्नान करने चला गया। काफी समय बीत जाने के बाद जब मोहित नहीं आया तो साथ गए दोस्त ने मोहित के घर आकर परिजनों को बताया कि वह अपना मोबाइल और ट्राउजर खोल कर मेरे बैग में रखकर फाॅल के पांचवें कुंड स्नान करने गया था मगर अब तक नहीं लौटा है। तभी परिजनों ने आनन फानन में पेट्रो पहुंच कर खोजबीन की मगर मोहित का कहीं पता नहीं चल सका। वहीं घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी।
वहीं घटना की सूचना पाकर एसआई कार्तिक सिंह मुंडा अपने दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। वहीं एसआई मुंडा एवं ग्रामीणों की अथक प्रयास के बाद देर रात मृतक का शव पानी के कुंड से बाहर निकाला गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है। वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। उल्लेखनीय रहे कि मृतक अपने तीन भाई-बहन में सबसे छोटा था। वहीं मृतक के पिता चतरा में झारखंड पुलिस के पद पर कार्यरत हैं।