बाेकाराे। माराफारी थाना क्षेत्र के कैंप वन में वज्रपात से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी। मरने वालों में सुलेखा देवी (40 ), करिश्मा कुमारी (16 ) तथा प्रिंस कुमार (21 ) शामिल हैं। मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में गम का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार झमाझम बारिश हो रही थी। इसी क्रम में सुलेखा देवी घर से बाहर निकली। अचानक वज्रपात की चपेट में आ गयी। मां की चीख सुनने पर पुत्री करिश्मा कुमारी व भांजा प्रिंस कुमार निकला। दोनों बच्चे भी वज्रपात की चपेट में आ गये। आनन-फानन में स्थानीय लोगों के सहयोग से माराफारी थाना इंस्पेक्टर आजाद खां तीनों प्रभावितों को लेकर बोकारो जेनरल अस्पताल पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर बीजीएच बोकारो विधायक बिरंची नारायण, झामुमो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव, कांग्रेस नेत्री श्वेता सिंह सहित कई राजनीतिक दलों से जुडे जनप्रतिनिधि पहुंचे। घटना की जानकारी लोगों से ली।