कोडरमा। सेन्टर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) की बैठक बजरंग नगर में जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश की अध्यक्षता में संपन्न हुई। संचालन सीटू के जिला संयोजक रमेश प्रजापति ने किया। बैठक में एक मई को मजदूर दिवस वीर कुंवर सिंह पार्क, झुमरीतिलैया में मनाने का निर्णय लिया गया।
वहीं बैठक को संबोधित करते हुए सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने कहा कि सीटू इस मई दिवस पर शासन में काबिज सांप्रदायिक काॅरपोरट गठजोड़ की विनाशकारी मुहिम, निजी काॅरपोरेट वर्ग के माध्यम से देश के संसाधनों, संपत्ति और बुनियादी ढांचे पर बेरोक टोक लूट खसोट के खिलाफ व्यापक संघर्ष और सत्ता से बेदखल करने का संकल्प लेगी। केन्द्र सरकार की नीतियों के कारण देश में प्रचंड बेरोजगारी, असहनीय महंगाई से लोग जुझ रहे हैं। मजदूरों को गुलाम बनाने के उद्देश्य से चार लेबर कोड श्रम संहिता अधिनियम पहले से ही तैयार कर लिया गया है
। काम के घंटे और अन्य सेवा शर्तों को लचीला बनाने से मजदूरों का शोषण और तेज होगा। केन्द्र की मजदूर कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ इस मजदूर दिवस पर मजदूर वर्ग की एकता बनाए रखने, शासक वर्ग की सभी सांप्रदायिक विभाजनकारी साजिशों को निर्णायक रूप से पराजित करने के लिए मजदूर वर्ग की एकता को मजबूत करना ही मुख्य उद्देश्य होगा। बैठक में रमेश प्रजापति, प्रेम प्रकाश, मीरा देवी, दिलीप कुमार सिन्हा, मो. रफीक आदि लोग अपने अपने विचार रखे।