Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार से देवघर एयरपोर्ट का नामकरण राज्य के ऐतिहासिक वीर सपूतों सिद्धू-कान्हू और चांद-भैरव के नाम पर करने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संथाल परगना की धरती पर बने इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत से जोड़ा जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिल सके।
कमलेश ने पत्रकार वार्ता में कहा, “जिस तरह कोलकाता एयरपोर्ट का नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस, पटना का जयप्रकाश नारायण, और ओडिशा के हवाई अड्डों का नाम बीजू पटनायक एवं वीर सुरेंद्र साय के नाम पर रखा गया है, उसी तरह देवघर एयरपोर्ट का नामकरण सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव के नाम पर होना चाहिए।”
वक्फ बिल पर कांग्रेस का तीखा हमला
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर वक्फ संशोधन बिल के जरिए अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाने का आरोप भी लगाया। केशव महतो ने कहा कि यह विधेयक भारत के संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 में दिए गए धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार का खुला उल्लंघन है।
उन्होंने आरोप लगाया कि, “यह बिल मुसलमानों की धार्मिक और संपत्ति संबंधी स्वतंत्रता पर हमला है। भाजपा समाज को बांटने और नफरत फैलाने की राजनीति कर रही है। गृहमंत्री द्वारा लोकसभा में दिया गया यह बयान कि वक्फ ट्रिब्यूनल के फैसले के खिलाफ कोई अपील नहीं की जा सकती – पूरी तरह से झूठ है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि वक्फ एक्ट 1995 की धारा 83(9) के तहत हाईकोर्ट में अपील की जा सकती है, जिससे यह साबित होता है कि यह विधेयक राजनीतिक उद्देश्य से लाया गया है।
232 सांसदों ने किया विरोध, कांग्रेस ने बताया संविधान विरोधी कदम
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने कहा कि भाजपा सरकार सामाजिक समरसता को तोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, “यह भारत की खूबसूरती है कि धर्म से ऊपर उठकर 232 सांसदों ने इस बिल का विरोध किया, जबकि लोकसभा में अल्पसंख्यकों के सिर्फ 24 सांसद हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि वक्फ बिल केंद्र सरकार की बहुमत के दुरुपयोग की मिसाल बनेगा और जनता सड़कों पर उतरकर इसका विरोध कर रही है।
भाजपा प्रवक्ताओं को दी खुली चुनौती
प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने भाजपा प्रवक्ता जफर इस्लाम को चुनौती देते हुए कहा कि वह कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी के साथ आमने-सामने बैठकर वक्फ बिल पर चर्चा करें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज के सामने “झूठ की थाली” परोस रही है।
प्रमुख कांग्रेस नेता रहे मौजूद
इस संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, प्रवक्ता सोनाल शांति, जगदीश साहू और राजन वर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।












