कोडरमा। जिले में चलाए गए विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 14,629 नए मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज किया गया, साथ ही अभियान के दौरान 12,910 मतदाताओं का मतदाता सूची से सम्बंधित त्रुटियों को सुधारा गया। उक्त बातें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा।
वहीं उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 154 दिव्यांग मतदाताओं, 4 सर्विस वोटरों का भी नाम जोड़ा गया। वर्तमान समय में वोटरों की संख्या 4 लाख 3 हजार 5 सौ 51 है, इसमे पुरुष मतदाताओं की संख्या 2,06,408 महिला वोटरों की संख्या 1,97,130 और थर्ड जेंडर वोटरों की संख्या 13 है। उन्होंने बताया की पहले 352 मतदान केंद्र थे, जबकि 77 नए मतदान केंद्र और बनाये गए हैं, अब कुल मतदान केंद्रों की संख्या 429 है। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सुमंत तिर्की आदि मौजूद थे।