Dhanbad News: धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भगतडीह परसाटांड़ निवासी 50 वर्षीय सुबोध कुमार सिन्हा का शव गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कालाडीह पुलिया के नीचे से बरामद किया गया है। वह पिछले तीन दिनों से लापता थे। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक पेशे से कोयला लोडर थे और ट्रकों में कोयला लोडिंग का कार्य करते थे। परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार, सुबोध कुमार सिन्हा 22 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे घर से निकले थे। वे गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कौवाबांध स्थित ब्लैक डायमंड हार्ड कोक भट्ठा में ट्रक लोडिंग कराने गए थे।
पत्नी से आखिरी बातचीत शाम 5:30 बजे
लोडिंग का काम खत्म होने के बाद शाम करीब 5 बजे वे गाड़ी के कागजात देने की बात कहकर भट्ठा परिसर से बाहर निकले। इसके बाद वे पास के एक साइबर कैफे में प्रिंटआउट निकालने गए थे।
इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे उनकी पत्नी बबीता देवी से अंतिम बार मोबाइल पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया।
Read More: मेयर-डिप्टी मेयर की कुर्सी से ज्यादा वार्डों का खेल, सियासत में उलझा गणित
देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उनकी बाइक आज भी ब्लैक डायमंड हार्ड कोक भट्ठा परिसर में खड़ी बताई जा रही है। इसके बाद पत्नी ने गोविंदपुर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
कालाडीह पुलिया के नीचे मिला शव
गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों ने कालाडीह पुलिया के नीचे पानी में एक अज्ञात शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोविंदपुर थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान सुबोध कुमार सिन्हा के रूप में की गई।
मृतक के भाई प्रमोद कुमार सिन्हा ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।












