धनबाद: नगर निगम चुनाव के दौरान सूसनीलेवा नाग नगर स्थित बूथ संख्या 58, 59, 13 और 14 पर सोमवार को तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। दो वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद माहौल बिगड़ गया, जिससे कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया और मतदान दोबारा शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार एक वार्ड पार्षद प्रत्याशी शिल्पी कुमारी के प्रतिनिधि की मौजूदगी को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। आरोप लगाया गया कि मतदान केंद्र के समीप अनावश्यक भीड़ इकट्ठा की जा रही थी और मतदान प्रक्रिया में हस्तक्षेप की कोशिश हो रही थी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई।
Read More: Ranchi में शांतिपूर्ण मतदान: राज्यपाल ने डाला वोट, 9.17% मतदान के बीच प्रशासन अलर्ट
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया और संबंधित प्रतिनिधि को मतदान केंद्र से हटाया गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए मतदान बाधित रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों पक्षों को सख्ती से समझाया और हालात सामान्य किए। एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।












