Dhanbad News: खाद्य मिलावट के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1400 किलो नकली पनीर और 90 किलो नकली घी बरामद किया है। यह कार्रवाई उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की गई। मामले में बस के ड्राइवर, खलासी और बस को धनबाद थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजा कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार तड़के करीब 3 बजे बस स्टैंड पर जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिहार से आने वाली बुंदेला बस (बीआर-21 पी 3632) की तलाशी लेने पर बस से 1400 किलो नकली पनीर और 90 किलो नकली घी (6 टीन) सहित अन्य खाद्य सामग्री बरामद की गई।
Dhanbad News: लगन और त्योहारों के मौके पर बाजार में खपाने की योजना थी
अधिकारियों के अनुसार बरामद पनीर पटना से धनबाद लाया जा रहा था, जिसे लगन और त्योहारों के मौके पर बाजार में खपाने की योजना थी। इतनी बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर की बरामदगी धनबाद में पहली बार हुई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि मिलावट के खिलाफ जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। बिहार से आने वाली बसों की सघन जांच जारी है और आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।












