Dhanbad News: Dhanbad में झरिया के मातृ सदन अस्पताल में शनिवार को प्रसव के दौरान एक महिला की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही झरिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
क्या है पूरा मामला?
मृतका की पहचान झरिया के खास परघा निवासी 35 वर्षीय सोनाली कुमारी सेन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोनाली को शनिवार सुबह प्रसव के लिए मातृ सदन में भर्ती कराया गया था। मृतका के पति रामकुमार मोदक ने बताया कि डॉक्टर कृष्ण अग्रवाल ने नॉर्मल डिलीवरी की बात कही थी, लेकिन प्रसव के कुछ ही समय बाद सोनाली की मृत्यु हो गई।
परिजनों के गंभीर आरोप
रामकुमार मोदक और मृतका के देवर ने सीधे तौर पर डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि समय पर सही इलाज न मिलने के कारण सोनाली की जान गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने अस्पताल में रखे सामान और फर्नीचर को क्षतिग्रस्त करना शुरू कर दिया।
मासूमों के सिर से उठा मां का साया
सोनाली की मौत से उसके दो मासूम बच्चों 8 वर्षीय साक्षी कुमारी और 5 वर्षीय गोलू कुमारी के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है। परिजनों की मांग है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें न्याय मिले।
Read more- Jharkhand में कोहरे और ठंड की डबल मार, रांची समेत 20 जिलों में अलर्ट
Dhanbad पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन का पक्ष
हंगामे की सूचना मिलते ही झरिया पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर लोगों को शांत कराया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मामला गंभीर है और पूरी जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।












