Dhanbad News: धनबाद जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गोविंदपुर और सिंदरी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां बंद घरों को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान की चोरी कर ली। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग दहशत में हैं और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
गोविंदपुर के बस्तीपुर में शिक्षक के बंद घर में बड़ी चोरी, चांदी के जेवर और दस्तावेज ले उड़े चोर
गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बस्तीपुर में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने एक शिक्षक के बंद घर में धावा बोल दिया। शिक्षक मथन चंद्र दसौंधी के घर से चोरों ने तीन ताले तोड़कर घर में घुसपैठ की और अलमारी एवं ट्रंक के ताले तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान चुरा लिए।
चोरी गए सामानों में एक लाख रुपये से अधिक मूल्य के चांदी के आभूषण, बर्तन, बीमा और जमीन से जुड़े जरूरी दस्तावेज शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, शिक्षक मथन चंद्र दसौंधी फिलहाल पिंडराजोड़ा, चास में सात दिवसीय प्रशिक्षण में शामिल हैं, जबकि उनका परिवार नेताजी सुभाष कॉलोनी में रह रहा है। चोरी की सूचना बुधवार सुबह करीब 5 बजे पड़ोसियों ने दी। इसके बाद उनके पुत्र पुरुषोत्तम कुमार ने गोविंदपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सिंदरी के रांगामाटी में 50 हजार की चोरी, चोरों ने चार ताले तोड़े
सिंदरी थाना क्षेत्र के रांगामाटी स्थित आरएमके फोर-50 मकान में सोमवार रात चोरी की एक और घटना हुई। घर में रहने वाले प्रवीण कुमार चौधरी अदानी एसीसी में नाइट ड्यूटी पर थे, इसी दौरान चोरों ने घर के चार ताले तोड़कर अंदर से सोने की अंगूठी, तीन जोड़ी चांदी की पायल, और महंगे कपड़े चुरा लिए।
घर के मालिक अजय कुमार, जो नवादा (बिहार) के नूरसराय प्रखंड में शिक्षक हैं, कुछ दिनों से घर में नहीं रह रहे थे। उन्होंने चाभी एक रिश्तेदार को दे रखी थी। चोरी की सूचना मिलते ही बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर टूटा हुआ ताला जब्त कर लिया है।












