Dhanbad News: धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में होली के दौरान हुए विवाद में फायरिंग के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए थे। घायलों की पहचान विष्णु कुमार और पुष्पक कुमार के रूप में हुई है। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सरायढेला स्थित एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
Dhanbad News: होली के जश्न के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी
पुलिस के अनुसार होली के जश्न के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग में बदल गई। इस दौरान चली गोली से विष्णु कुमार और पुष्पक कुमार घायल हो गए।
घायल विष्णु कुमार के फर्द बयान के आधार पर धनसार थाना में कांड संख्या 33/26 दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष के आवेदन पर कांड संख्या 34/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Dhanbad News: एक देसी पिस्टल और एक खोखा बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनिल यादव, अभिषेक ठाकुर उर्फ मांझी, कृष्णा कुमार उर्फ लल्ला शर्मा और आतिश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विवाद के दौरान विकास लाला उर्फ विकास वर्मा ने देसी पिस्टल से फायरिंग की थी।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












