Dhanbad News: धनबाद सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा के मद्देनजर गुरुवार को धनबाद सिविल कोर्ट परिसर में डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर की मदद से सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने कोर्ट परिसर के कोने-कोने की बारीकी से तलाशी ली।
जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड टीम ने कोर्ट परिसर में मौजूद सभी जगहों के साथ-साथ वहां खड़ी वाहनों की भी जांच की, ताकि किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके। अभियान के दौरान कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर भी पुलिस की विशेष नजर रही।
Dhanbad News: डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
मौके पर डीएसपी डी.एन. बंका, धनबाद थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए रखी।
डीएसपी डी.एन. बंका ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर यह जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दो खोजी कुत्तों और मेटल डिटेक्टर की मदद से कोर्ट परिसर की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर आगे भी समय-समय पर इस तरह की जांच और निगरानी जारी रहेगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व धनबाद सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संभावित खतरे से निपटने के लिए लगातार सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है।












