Jharkhand News: धनबाद पुलिस बल में वर्षों से निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे छह पुलिस पदाधिकारियों को आज सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर धनबाद पुलिस परिवार की ओर से “सेवानिवृत्ति सह विदाई समारोह” का आयोजन किया गया, जिसमें वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
जिन पुलिसकर्मियों ने अपनी गौरवशाली सेवा यात्रा पूर्ण की, उनमें शामिल हैं —
राम नारायण ठाकुर (थाना प्रभारी, धनबाद थाना),
परशुराम चौधरी (पुलिस अवर निरीक्षक, मुनीडीह ओपी), सुरेश ठाकुर (पुलिस अवर निरीक्षक, पुलिस केंद्र धनबाद), सन्नू सिंह (सहायक अवर निरीक्षक, पुलिस केंद्र धनबाद), अनिल कुमार (सहायक अवर निरीक्षक, पंचेत ओपी),तथा सुमन कुमार सिंह (सहायक अवर निरीक्षक, तोपचांची थाना)।
समारोह में एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी सेवानिवृत्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि “इन पदाधिकारियों ने अपने पूरे कार्यकाल में ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ जनता की सेवा की है। इनका योगदान धनबाद पुलिस के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।”
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को शॉल, स्मृति चिन्ह और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
साथ ही उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त पदाधिकारियों ने अपने अनुभव और स्मृतियां साझा कीं, कई भावुक हो उठे और धनबाद पुलिस परिवार के सहयोग एवं स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।
समारोह में एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन एसएसपी द्वारा सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को दीर्घायु, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की शुभकामनाओं के साथ हुआ। पूरे समारोह में आत्मीयता, सम्मान और गर्व का भाव झलकता रहा












