Ranchi Nagar Nigam चुनाव और बुंडु नगर पंचायत चुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन की संपूर्ण तैयारी और विधि वयवस्था पर अहम बैठक की गई। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में वरीय पुलिस अधीक्षक राँची राकेश रंजन, उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं यातायात, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत समेत अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मतदान के दौरान बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि 22 फरवरी 2026 को मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर से मतदान कर्मी रवाना होंगे।
Ranchi Nagar Nigam क्षेत्र के सभी 53 वार्डों के लिए कुल 909 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि नगर पंचायत बुंडू क्षेत्र में 16 बूथ बनाए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए Ranchi Nagar Nigam के 909 केंद्रों पर 422 तथा बुंडू के 16 बूथों पर दिव्यांगजनों के लिए 16 व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई हैं। इस प्रकार कुल 438 व्हीलचेयर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इसके अलावा विशेष पहल के तहत 7 मतदान केंद्र पूर्ण रूप से महिला संचालित केंद्र होंगे, जो मोरहाबादी स्थित रेड क्रॉस सोसाइटी परिसर में स्थापित किए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश देते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान संपन्न कराने का भरोसा जताया है।












