Ranchi: बकरीद पर्व को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में 5 जून 2025 को समाहरणालय स्थित सभागार में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वर नाथ आलोक, नगर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार, नगर निगम की सहायक प्रशासक निहारिका तिर्की, पेयजल एवं बिजली विभाग के अधिकारी सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने पूर्व अनुभव साझा करते हुए साफ-सफाई, सुरक्षा, पानी-बिजली की व्यवस्था तथा धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। सभी ने एकमत से सौहार्दपूर्ण वातावरण में बकरीद मनाने की अपील की।
Read more- Breaking News: JAC Board 12th Arts Result 2025 हुआ जारी
जरूरी व्यवस्थाओं के निर्देश
उपायुक्त ने नगर निगम और संबंधित विभागों को साफ-सफाई, वेस्टेज डिस्पोजल, पेयजल व विद्युत आपूर्ति की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खासकर नगर निगम को बकरीद के दिन कचरा निस्तारण के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था करने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर नजर, अफवाह फैलाने पर कार्रवाई
उपायुक्त ने रांचीवासियों से अफवाहों से सतर्क रहने और सोशल मीडिया पर कोई भी जानकारी साझा करने से पहले सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रामक व द्वेषपूर्ण जानकारी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर
डीआईजी चंदन सिन्हा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी की गई है। शहर में सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी और माहौल बिगाड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को त्योहार का माहौल बिगाड़ने का अवसर नहीं दिया जाएगा।
Read more- Breaking News: CM हेमंत ने सिरमटोली फ्लाईओवर का किया भव्य उद्घाटन
अबुआ साथी हेल्पलाइन
रांची जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की सूचना या शिकायत के लिए अबुआ साथी व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर संपर्क करें।












