Ranchi News: राजधानी रांची में लगातार हो रही भारी बारिश का असर शहर की पेयजलापूर्ति से जुड़े तीनों प्रमुख डैमों—कांके, रुक्का और हटिया—पर साफ देखने को मिल रहा है. गुरुवार को तीनों डैमों के जलस्तर में अचानक तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई.
कांके डैम में लबालब पानी, रेडियल गेट खोला गया
कांके डैम की अधिकतम जल संग्रहण क्षमता 28 फीट है. गुरुवार को हुई बारिश से डैम में 7 फीट पानी की बढ़ोतरी हुई, जिससे जलस्तर अधिकतम सीमा तक पहुंच गया.
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डैम में लगे स्पिलवे स्कॉवर वॉल्व को सुबह 11:15 बजे खोला गया, और शाम 6:15 बजे एक रेडियल गेट भी खोल दिया गया. इसके जरिए भारी मात्रा में पानी डैम के दूसरे छोर पर छोड़ा गया.
रुक्का डैम के सभी स्कॉवर वॉल्व खोले गए
रुक्का डैम में दो दिनों के भीतर 6 फीट से अधिक बारिश का पानी जमा हुआ है. बुधवार को जहां जलस्तर 22 फीट था, वहीं गुरुवार शाम तक यह बढ़कर 28 फीट पहुंच गया.
जल संसाधन विभाग ने डैम के सभी स्कॉवर वॉल्व खोल दिए हैं. स्वर्णरेखा शीर्ष कार्य प्रमंडल के ईई चंद्रशेखर के अनुसार, डैम की अधिकतम क्षमता 36 फीट है, यानी अभी 8 फीट पानी की और गुंजाइश है.
हटिया डैम में भी जलस्तर में 8 फीट की वृद्धि
हटिया डैम का जलस्तर भी बारिश के चलते 8 फीट तक बढ़ गया है. गुरुवार को इसका जलस्तर 2188.4 फीट पर पहुंच गया, जबकि अधिकतम संग्रहण क्षमता 2200 फीट है.
बीते वर्ष इसी तारीख को जलस्तर 79 फीट था, जो दर्शाता है कि इस बार बारिश का असर अपेक्षाकृत अधिक है. डैम को पूरी तरह भरने के लिए अभी 12 फीट पानी की और आवश्यकता है.
read more- रिम्स में Monsoon की पहली बारिश बनी आफत, Operation Theatre और वार्ड में घुसा गंदा पानी
डैम तक जल पहुंचाने वाले कैचमेंट एरिया नगड़ी और कर्रा की पहाड़ियों से लगातार बारिश का पानी तेज़ी से पहुंच रहा है.
बारिश ने राजधानी के डैमों की स्थिति तो बेहतर कर दी है, लेकिन जलस्तर की तेज़ बढ़ोतरी को देखते हुए जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. जल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की लगातार निगरानी जारी है.













