KhabarMantra: गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) से जुड़े 800 करोड़ रुपये के घोटाले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह झारखंड और पश्चिम बंगाल में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की. सुबह करीब सात बजे ईडी की टीमों ने कुल नौ ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की, जिनमें रांची के तीन, जमशेदपुर का एक और कोलकाता के पांच स्थान शामिल हैं.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रांची के कांके रोड स्थित श्रीराम गार्डन अपार्टमेंट में ईडी की टीम ने एक फ्लैट में तलाशी ली. यह छापेमारी कथित रूप से रांची के बिल्डर विवेक नरसरिया से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है. बताया जा रहा है की विवेक कई तरह के व्यवसाय से जुड़े हुए है. इसके अलावा, ईडी की अन्य टीमें बोकारो और पश्चिम बंगाल के विभिन्न ठिकानों पर भी जांच में जुटी हैं. यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं और टैक्स चोरी की गंभीर शिकायतों के बाद की जा रही है. GST घोटाले से जुड़े जिस मामले को लेकर ईडी जांच कर रही है , उसका ईसीआर कोलकाता में दर्ज कराया गया है.












