Jharkhand: पलामू पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में गुम हुई हथनी *जयमति* को बरामद कर लिया है। मामला सदर थाना कांड संख्या 98/25, दिनांक 12.09.2025 से जुड़ा है, जिसकी प्राथमिकी वादी नरेन्द्र कुमार शुक्ला, निवासी मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) ने दर्ज कराई थी। आरोप था कि उनके साझेदारों ने हथनी को बिना सूचना दिए कहीं और पहुंचा दिया।
पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देशन में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की। सत्यापन के क्रम में पता चला कि हथनी बिहार राज्य के **छपरा जिला, थाना अमनौर, गांव पहाड़पुर निवासी गोरख सिंह उर्फ अभिमन्यु, पिता सुदामा सिंह के पास पाई गई।
जांच में खुलासा हुआ कि हथनी को शुरुआती दौर में चार साझेदारों ने मिलकर लगभग ₹40 लाख में खरीदा था। लेकिन वादी को बिना बताए अन्य तीन साझेदारों ने हथनी को केवल ₹27 लाख में गोरख सिंह को बेच दिया।
फिलहाल पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए हथनी जयमति को जब्त कर लिया है। इस मामले में आरोपितों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 314/316(2)/318(4)/3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य बिंदु :
* पलामू पुलिस ने हथनी जयमति को किया बरामद।
* चार साझेदारों ने खरीदी थी ₹40 लाख में, चुपके से बेच दी ₹27 लाख में।
* हथनी मिली बिहार के छपरा जिला के गोरख सिंह उर्फ अभिमन्यु के पास।
* पुलिस ने हथनी को जब्त कर मामले की जांच शुरू की।













