Pakistan News: पाकिस्तान की जाफर एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार को एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। जाकोबाबाद में पटरियों पर तेज विस्फोट होने के कारण ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। यह ट्रेन पेशावर से क्वेटा की ओर जा रही थी।
धमाके के बाद मची अफरा-तफरी, राहत कार्य में जुटा प्रशासन
हादसे की खबर मिलते ही रेलवे अधिकारी और स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के तहत उन्हें उनकी मंज़िल की ओर रवाना किया गया है।
साजिश की आशंका, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
हालांकि धमाके के पीछे की असल वजह अब तक सामने नहीं आई है, लेकिन सूत्रों की मानें तो यह किसी साजिश या तोड़फोड़ का हिस्सा हो सकता है। सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और फोरेंसिक जांच जारी है। रेलवे ट्रैक की मरम्मत भी तेजी से की जा रही है और बाकी ट्रेनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोका गया है।
पाकिस्तान में पहले भी निशाना बनी है जाफर एक्सप्रेस
यह पहली बार नहीं है जब जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया हो। कुछ महीने पहले बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस ट्रेन को बंधक बना लिया था। उस घटना में 400 से अधिक यात्री फंस गए थे, जिसे बाद में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और BLA के बीच हुई मुठभेड़ के बाद छोड़ा गया था। यह पाकिस्तान की रेलवे सुरक्षा पर एक बड़ा सवाल खड़ा करता है।
जाफर एक्सप्रेस हादसे से फिर उठे सुरक्षा सवाल
जाफर एक्सप्रेस हादसा पाकिस्तान में रेलवे सुरक्षा की स्थिति पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। जहां यात्रियों की जान तो बच गई, लेकिन यह घटना एक बार फिर बता गई कि देश में बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीर चुनौतियां हैं।













