दुमका। जिला के काठीकुंड थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या कर शव को झाड़ी में फेंकने का मामला सामने आया है। मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या की आशंका जतायी है।
जानकारी के अनुसार काठीकुंड थाना क्षेत्र की रहनेवाली महिला चारदीवारी निर्माण कार्य में मजदूरी कर रही थी। दोपहर में भोजन करने के लिए सभी मजदूरों को छुट्टी दी गई। इसके बाद महिला खाना खाने के लिए घर गई और नहाने के लिए नदी चली गई। उसकी बेटी ने कार्यस्थल पर जाकर पता लगाने की कोशिश की। लेकिन वहां पता चला कि दोपहर के बाद काम करने नहीं आयी। तब-तक गांव में महिला के लापता होने की खबर फ़ैल गई।
मृतका की पति ने जब ग्रामीणों के साथ नदी में जाकर देखा तो सिर्फ बाल्टी थी, लेकिन महिला नहीं थी। ग्रामीणों को खोजबीन के दौरान गांव के जंगल के पास शराब की हांडी और पैसा मिला। सोमवार को सुबह जब ग्रामीणों ने फिर से खोजबीन शुरू की तो महिला का शव झाड़ी और नदी के किनारे अर्धनग्न स्थिति में मिला। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विवेक विल्सन, एसआई मानकी हायबुरू, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार और गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत माैके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
घटनास्थल पर पुलिस ने डॉग स्क्वायड टीम काे बुलाकर जांच कराई।लेकिन कुछ सुराग नहीं मिला। फिर पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम काे बुलाकर जांच करायी। टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किये। आक्रोशित ग्रामीण आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़ गए। लेकिन प्रशासन के समझाने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मामले में एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने बताया कि आरोपित को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा।