KhabarMantra: बीती रात पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा पर किए गए ड्रोन हमलों को भारतीय सुरक्षाबलों ने सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया. हालांकि अब तक भारत को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन पूरे देश में चिंता का माहौल बना हुआ है. आम जनता से लेकर बॉलीवुड हस्तियां तक इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रही हैं.
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी स्टोरी साझा करते हुए लिखा, “राह चलते को हम छेड़ते नहीं, लेकिन अगर कोई छेड़े, तो फिर हम छोड़ते नही”. उन्होंने भारतीय सेना के साहस को नमन किया और लिखा, “हमें अपने सैनिकों पर गर्व है.”
वहीं अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “जम्मू निशाने पर! भारतीय वायु सेना ने जम्मू में पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया. जम्मू मजबूत बना रहे.”
अनुपम खेर ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि यह वीडियो उनके चचेरे भाई सुनील खेर ने जम्मू स्थित अपने घर से भेजा है. उन्होंने अपने भाई से फोन पर बात कर उनकी सुरक्षा की जानकारी ली, जिस पर उनके भाई ने जवाब दिया, “भैया, हम भारत में रहते हैं. हमारी सुरक्षा भारतीय सेना और माता वैष्णो देवी कर रही हैं. आप टेंशन न लें.”
कॉमेडियन समय रैना ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बताया, “हमलों के बीच मेरे पिता ने आज रात जम्मू से मुझे आखिरी बार फोन करके गुड नाइट कहा उनकी आवाज़ में शांति और स्थिरता थी. उन्होंने मुझे बेफिक्र होकर सोने को कहा और चिंता न करने के लिए प्रेरित किया – भारतीय सशस्त्र बलों ने सब कुछ नियंत्रण में रखा है.” अंत में उन्होंने लिखा, “सशस्त्र बलों और उनके परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि, जो हमारी सुरक्षा के लिए बलिदान देते हैं.”
भारतीय सेना की मुस्तैदी से देशवासी राहत की सांस ले रहे हैं. देशभर से लोग बॉर्डर पर तैनात जवानों और वहां रह रहे नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. सरकार भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.













