Giridih News: गिरिडीह जिले में होली के दिन एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों का माहौल मातम में बदल दिया। जमुआ और देवरी प्रखंड की सीमा पर स्थित गोदावरी त्रिवेणी संगम में स्नान के दौरान दो किशोर गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान देवरी थाना क्षेत्र के चतरो बाजार गांव के करण कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों किशोर होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ त्रिवेणी संगम में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान वे अनजाने में नदी के गहरे हिस्से में चले गए और पानी में डूबने लगे।
Giridih News: चार घंटे की तलाश के बाद दोनों शव बरामद
साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने नदी में उतरकर खोजबीन शुरू की। बाद में गोताखोरों की टीम भी मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की तलाश के बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए।
आनन-फानन में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गांव में शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से संगम क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और खतरनाक जगहों को चिन्हित करने की मांग की है।













