रांची में राजभवन में राज्यपाल संतोष गंगवार की अध्यक्षता में आज बिहार आई बैंक की बैठक आयोजित की गई. बैठक में ट्रस्ट की वर्तमान गतिविधियों, भावी योजनाओं और संगठनात्मक स्वरूप पर चर्चा की गई. इस दौरान, राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन को दो दशक से अधिक समय बीत चुका है, इसके बावजूद ट्रस्ट का नाम अब भी “बिहार आई बैंक ट्रस्ट” ही है. उन्होंने इसके नाम में शीघ्र परिवर्तन करने के निर्देश दिए है.
राज्यपाल ने सभी ट्रस्टी से कहा कि यह ट्रस्ट लोगों को बेहतर नेत्र उपचार की सुविधा उपलब्ध कराकर समाज में एक विशिष्ट पहचान स्थापित करे. उन्होंने कहा कि बिहार आई बैंक ट्रस्ट नेत्र रोगों के उपचार और नेत्रदान को बढ़ावा देने के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दें. आगे राज्यपाल ने कहा कि उनके द्वारा बरेली में हर साल नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाता है और हजारों लोगों के नेत्र का निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाता है.
बैठक में बिहार आई बैंक ट्रस्ट में आयुष्मान भारत योजना का लाभ लोगों को प्रदान करने और ट्रस्ट की वित्तीय स्थिति और संसाधनों के विविध स्रोतों पर भी विस्तृत चर्चा की गई.












