गुमला: झारखंड के गुमला जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने फिल्म शोले के वीरू की याद ताजा कर दी। शोले में जहां वीरू नशे में शादी के लिए पानी की टंकी पर चढ़ा था, वहीं गुमला के कोटाम गांव में एक युवक संपत्ति विवाद और पारिवारिक कलह के चलते 130 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। मिली जानकारी के अनुसार रितेश सिंह उर्फ बाबू, सुबह-सुबह अपने पिता और भाई से जमीन के बंटवारे को लेकर भिड़ गया। मामला इतना बढ़ा कि रितेश ने नशे की हालत में अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर डाली और फिर गुस्से में घर के पास बने मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
तीन घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
रितेश के टावर पर चढ़ते ही गांव में हड़कंप मच गया। टावर की ऊंचाई लगभग 130 फीट थी और रितेश ऊपर से गालियां बकता रहा, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, रितेश ने ऊपर ही नाटक और नारेबाजी शुरू कर दी थी। जिसके बाद पुलिस और परिजनों की लगातार तीन घंटे तक समझाने और धूप में तपती पत्नी की मिन्नतों के बाद आखिरकार रितेश को नीचे उतारा गया। जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी पत्नी का भी इलाज जारी है।












